किशनगंज में घूसखोर राजस्व कर्मचारी रंगे हाथों गिरफ्तार, 2.50 लाख की मांग — निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई

रिपोर्ट — शयामानंद सिंह, भागलपुर

किशनगंज जिले में निगरानी विभाग ने मंगलवार को एक बड़ी भ्रष्टाचार-रोधी कार्रवाई को अंजाम देते हुए प्रखंड कार्यालय क्षेत्र में तैनात राजस्व कर्मचारी राजदीप पासवान को 2 लाख 50 हजार रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। जमीन परिमार्जन (म्यूटेशन) के नाम पर घूस मांगने की शिकायत खगड़ा निवासी ओवेस अंसारी ने की थी।

सूचना मिलने के बाद विभाग ने गुप्त सत्यापन किया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद निगरानी विभाग की सात सदस्यीय टीम ने अभिषेक होटल के पास ट्रैप प्लान के तहत घूस लेते ही आरोपी को दबोच लिया। पकड़े जाने के दौरान राजस्व कर्मचारी ने भागने की कोशिश की, लेकिन अधिकारियों ने उसे मौके पर ही काबू में कर लिया। टीम ने उसके पास से घूस की रकम भी बरामद की है।

निगरानी विभाग के डीएसपी विनोद कुमार ने बताया कि शिकायत की जांच में मामला सत्य पाए जाने पर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई। विभाग भ्रष्टाचार के मामलों पर सख्त है, और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

गिरफ्तारी की सूचना फैलते ही प्रखंड कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। वहीं, बुधवार को आरोपी राजस्व कर्मचारी को भागलपुर जिला न्यायिक न्यायालय में पेश किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *