सिंहेश्वर हत्या कांड में मधेपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
06 आरोपी गिरफ्तार, तकनीकी शाखा की अहम भूमिका

मधेपुरा। अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) मधेपुरा के निर्देश पर सिंहेश्वर थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या कांड संख्या 369/25 के आरोपियों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। अस्मित आनंद उर्फ़ विनीत कुमार हत्या मामले में संलिप्त छह आरोपियों को मधेपुरा पुलिस ने तकनीकी शाखा की मदद से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसने तकनीकी निगरानी, मोबाइल सर्विलांस और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर आरोपियों का पता लगाया। सभी आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहे थे।
अपर पुलिस अधीक्षक सदर ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई प्रगति पर है। पुलिस टीम इस संवेदनशील मामले में किसी भी बिंदु को नज़रअंदाज़ नहीं कर रही है।
सिंहेश्वर थाना क्षेत्र में हुई इस हत्या वारदात के बाद स्थानीय लोगों में दहशत और रोष था। आरोपियों की गिरफ्तारी से लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।
मधेपुरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
