सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर ब्रिगेडियर मृगेन्द्र कुमार ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लगाया फ्लैग


फ्लैग पिन कर वीर सैनिकों के बलिदान को किया नमन, स्वैच्छिक सहयोग का दिया संदेश

पटना। 07 दिसंबर, 2025 को सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर सैनिक कल्याण निदेशालय के निदेशक ब्रिगेडियर मृगेन्द्र कुमार ने माननीय उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री श्री सम्राट चौधरी तथा गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अरविंद कुमार चौधरी से मुलाकात कर उन्हें सशस्त्र सेना झंडा दिवस का फ्लैग पिन किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने देश की रक्षा में लगे सशस्त्र बलों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को नमन किया।

ब्रिगेडियर मृगेन्द्र कुमार ने बताया कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस उन वीर सैनिकों और शहीद परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है, जिन्होंने देश की सुरक्षा और गौरव के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। यह दिन सशस्त्र बलों के कल्याण और पुनर्वास के लिए स्वैच्छिक आर्थिक योगदान के महत्व को भी रेखांकित करता है।

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने झंडा दिवस की भावना का सम्मान करते हुए कहा कि जवानों के त्याग और राष्ट्रसेवा को शब्दों में बांधा नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार सैनिकों एवं उनके परिजनों के कल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने भी झंडा दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की सुरक्षा में लगे हर जवान का योगदान राष्ट्र के लिए अमूल्य है।

कार्यक्रम में बिहार पुलिस, फायर सर्विस एवं होमगार्ड, तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे और उन्होंने सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *