कस्तूरबा विद्यालय में आत्मरक्षा प्रशिक्षण से बढ़ रहा बालिकाओं का आत्मविश्वास
रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा कार्यक्रम में बालिकाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी

जगदीशपुर। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, जगदीशपुर में बालिकाओं के लिए आयोजित छत्तीस दिवसीय रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम में छात्राओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। मास्टर प्रशिक्षक कुन्दन कुमार के नेतृत्व में चल रहे इस प्रशिक्षण से बच्चियों में आत्मविश्वास और सजगता दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है।

प्रधानाध्यापक आशुतोष चन्द्र मिश्र ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से सशक्त बनाना है, ताकि वे अपराध, दुर्व्यवहार और हिंसा जैसी परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से छात्राओं में व्यावहारिक आत्मरक्षा तकनीक, त्वरित निर्णय क्षमता और जागरूकता का विकास होता है।

विद्यालय की वार्डेन सपना कुमारी ने कहा कि यह प्रशिक्षण बच्चियों को केवल शारीरिक रूप से ही नहीं, बल्कि मानसिक और भावनात्मक रूप से भी मजबूत बनाता है। उन्होंने बताया कि बच्चियों में आत्मविश्वास का स्तर प्रतिदिन बढ़ता हुआ स्पष्ट दिखाई दे रहा है।

प्रशिक्षण के संचालन में शिक्षिका फूल कुमारी एवं शारिका निगार निरंतर सहयोगी भूमिका निभा रही हैं। विद्यालय प्रशासन ने इस पहल को बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *