तिलकामांझी में भीषण हादसा, बाइक सवार को बचाने में अनियंत्रित हुई कार, 40 मीटर तक पलटी; सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रेम कुमार बाल–बाल बचे

भागलपुर | रिपोर्ट — श्यामानंद सिंह
भागलपुर के तिलकामांझी थाना के ठीक सामने गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। जीरोमाइल की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार जैसे ही तिलकामांझी चौक की तरफ बढ़ी, अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई। तेज स्पीड में कार बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे पोल से टकराई और करीब 40 मीटर तक कई बार पलटते हुए सड़क पर घिसटती चली गई।
हादसा इतना भीषण था कि कार के चारों चक्के ऊपर की तरफ हो गए, जबकि एक टायर उखड़कर दूर जा गिरा। गाड़ी का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार चला रहे ज्योति विहार कॉलोनी निवासी एवं सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रेम कुमार अपने एक परिचित से मिलने जा रहे थे। कार के कई बार पलटने के बावजूद वे चमत्कारिक रूप से बाल–बाल बच गए। उन्हें केवल हल्की चोटें आई हैं।
चूंकि हादसा तिलकामांझी थाना के ठीक सामने हुआ था, इसलिए पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत कर कार में फंसे प्रेम कुमार को सुरक्षित बाहर निकाला। दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटाने और यातायात को सामान्य करने में पुलिस को काफी मेहनत करनी पड़ी।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई। कुछ देर के लिए पूरे इलाके में अफरा–तफरी की स्थिति बन गई।
#TilkaManjhi #Bhagalpur #RoadAccident #HindustanFormat #LocalNews #Breaking
