बेऊर में अवैध खनन पर पटना प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 9 ट्रैक्टर जप्त, 10.5 लाख जुर्माना; 1 व्यक्ति गिरफ्तार

पटना | रिपोर्ट

जिलाधिकारी, पटना के निर्देश पर रात्रि 11 बजे बेऊर थाना क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। इस अभियान में अनुमंडल पदाधिकारी पटना सदर, एसडीपीओ फुलवारी, जिला खनन पदाधिकारी पटना, सभी खान निरीक्षक एवं बेऊर थानाध्यक्ष शामिल थे।

जांच के दौरान बेऊर थाना अंतर्गत 70 फीट रोड और बेऊर मोड़ के समीप बालू लदे ट्रैक्टरों की जांच की गई। इस क्रम में सड़क किनारे अवैध बालू मंडी बनाकर खुलेआम बालू बिक्री करते पाया गया। प्रशासन ने मौके पर मौजूद सभी 09 ट्रैक्टर्स को ट्रॉली सहित जप्त कर लिया तथा संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध बेऊर थाना में एफआईआर दर्ज की गई। साथ ही अवैध गतिविधि में शामिल एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।

अवैध खनन के विरुद्ध की गई कार्रवाई के तहत सभी 09 ट्रैक्टर्स पर बिहार खनिज (रियायत, अवैध खनन निवारण, परिवहन एवं भंडारण) नियमावली, 2019, संशोधित 2024 के अंतर्गत कुल 10.5 लाख रुपये दंड अधिरोपित किया गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि अवैध खनन में लिप्त पाए गए लोगों पर अपराध नियंत्रण अधिनियम (CCA) के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध नियमित अभियान चलाया जा रहा है, और सभी अधिकारियों को राज्य सरकार के दिशा–निर्देशों के अनुरूप सख्ती से रोक लगाने के आदेश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि:

  • अवैध खनन, परिवहन व भंडारण के विरुद्ध सघन संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया जाए।
  • समय–समय पर स्पेशल ड्राइव चलें।
  • कार्रवाई में ड्रोन व हाई-टेक बोट जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग करें।
  • अवैध माइनिंग में शामिल लोगों को चिन्हित कर विधिसम्मत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
  • इनपुट/सूचना तंत्र को मजबूत कर उस पर त्वरित कार्रवाई करें।

जिलाधिकारी ने दोहराया कि बालू माफिया, भू–माफिया, शराब माफिया और अन्य संगठित आपराधिक गिरोहों के विरुद्ध CCA सहित कठोरतम कार्रवाई की जाएगी तथा इस संबंध में जिला प्रशासन जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है।

#PatnaNews #Beur #IllegalMining #CCAAction #DistrictAdministration #BiharGovernment #MiningDept #LawAndOrder

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *