जगदीशपुर योगीवीर में डीएम ने की क्रॉप कटिंग, वास्तविक उपज का लिया जायजा

जगदीशपुर, भागलपुर
जगदीशपुर पंचायत के जगदीशपुर योगीवीर गांव में आज जिला प्रशासन की ओर से खरीफ फसल की क्रॉप कटिंग प्रक्रिया संपन्न कराई गई। कार्यक्रम में भागलपुर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी स्वयं उपस्थित रहे और पैक्स अध्यक्ष मुकेश पंजियारा के खेत में क्रॉप कटिंग कर फसल उपज का प्रत्यक्ष मूल्यांकन किया।
डीएम ने मौके पर मौजूद कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्रॉप कटिंग के माध्यम से किसान को मिलने वाली उपज का सही आकलन होना चाहिए ताकि मुआवजा, बीमा व अन्य लाभ पारदर्शी तरीके से किसानों को उपलब्ध हो सकें।
कार्यक्रम में जगदीशपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार, जगदीशपुर अंचल पदाधिकारी सतीश कुमार, बीएओ प्रीति कपूर, किसान सलाहकार सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय किसान मौजूद रहे।
अधिकारियों ने किसानों से फसल की स्थिति, मौसम के प्रभाव तथा कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तार से बातचीत भी की।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को सही मूल्यांकन और समय पर लाभ देना है। क्रॉप कटिंग जैसे वैज्ञानिक तरीकों से जिले में कृषि डेटा अधिक सटीक होगा और किसानों की समस्याओं का समाधान तेज़ी से किया जा सकेगा।
