बेहतर चेतना सत्र से करें पठन-पाठन की शुरुआत : अहसन

जगदीशपुर (भागलपुर), प्रखंड जगदीशपुर के प्रारंभिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की एक समीक्षात्मक बैठक का आयोजन प्राथमिक शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय, फुलवारिया (जगदीशपुर) के सभा कक्ष में किया गया। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक, भागलपुर श्री अहसन ने की।
बैठक की शुरुआत में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, जगदीशपुर एवं प्रभारी प्राचार्य, प्राथमिक शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय फुलवारिया श्रीमती सुहानी सुमन ने क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक महोदय का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। वहीं प्रधानाध्यापक राजकिशोर ठाकुर, आशुतोष चन्द्र मिश्र, आनंद कुमार सिंह एवं लेखापाल मुरारी मिश्र द्वारा अंगवस्त्र समर्पित कर उन्हें सम्मानित किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक श्री अहसन ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए विद्यालयों में स्वच्छ एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बेहतर चेतना सत्र के माध्यम से पठन-पाठन की शुरुआत, सुदृढ़ वर्गकक्ष व्यवस्था, पाठ्यक्रम का समुचित विनियमन एवं गतिविधि आधारित शिक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करना सभी प्रधानाध्यापकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। शिक्षा की मुख्य धुरी शिक्षक एवं शिक्षार्थी हैं, ऐसे में दोनों के बीच समन्वय से ही अपेक्षित शैक्षणिक लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं।
बैठक से पूर्व क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक द्वारा उर्दू मध्य विद्यालय खिरीबांध, मध्य विद्यालय दीननगर तथा प्रखंड संसाधन केंद्र जगदीशपुर का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान उर्दू मध्य विद्यालय खिरीबांध में वर्गकक्षों में समुचित प्रकाश व्यवस्था एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश प्रधानाध्यापक को दिया गया। वहीं मध्य विद्यालय दीननगर के बेहतर शैक्षणिक वातावरण को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और बैठक में उपस्थित अन्य प्रधानाध्यापकों को दीननगर विद्यालय का अवलोकन कर उससे अनुकरण करने की सलाह दी। इसके अलावा प्रखंड संसाधन केंद्र जगदीशपुर में भी साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के अंत में शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा सभी प्रधानाध्यापकों से विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
#शिक्षा #जगदीशपुर #भागलपुर #बेहतर_चेतना_सत्र #विद्यालय_समीक्षा #गुणवत्तापूर्ण_शिक्षा
