कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय जगदीशपुर में राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस पर विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन

जगदीशपुर। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, जगदीशपुर में राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस के अवसर पर छात्राओं के बीच निबंध लेखन, चित्रांकन एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना तथा दैनिक जीवन में ऊर्जा की बचत को अपनाने का संकल्प दिलाना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक आशुतोष चन्द्र मिश्र ने छात्राओं को ऊर्जा संरक्षण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण का तात्पर्य उपकरणों एवं प्रक्रियाओं की दक्षता बढ़ाना है, ताकि समान सेवाएं प्रदान करते हुए कम ऊर्जा का उपयोग किया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि जीवनशैली में छोटे-छोटे बदलाव कर समग्र ऊर्जा आवश्यकताओं को कम किया जा सकता है तथा बहुमूल्य ऊर्जा स्रोतों को संरक्षित करने के लिए वैकल्पिक एवं नवीकरणीय ऊर्जा संसाधनों का उपयोग किया जाना चाहिए।
प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने रचनात्मक विचारों के माध्यम से ऊर्जा बचत का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं ने ऊर्जा संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यालय की वार्डेन सपना कुमारी, कर्मी सुशीला, रिंकू, वृंदा एवं राजकिशोर सहित अन्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय परिवार का सराहनीय योगदान रहा।
