दरौंदा प्रखंड कार्यालय का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, गंदगी पर कर्मियों से फाइन वसूली का आदेश

सिवान
जिला पदाधिकारी सिवान श्री विवेक रंजन मैत्रेय द्वारा सोमवार को पूर्वाह्न में दरौंदा प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रखंड कार्यालय परिसर एवं कार्यालय भवन के अंदर फैली गंदगी को देखकर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने गंदगी को गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल प्रभाव से फाइन लगाने का आदेश दिया। उन्होंने प्रखंड के सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारियों से ₹50 प्रति व्यक्ति की दर से जुर्माना वसूलने का निर्देश दिया। साथ ही जुर्माने की पूरी राशि को प्रखंड रोगी कल्याण समिति में अविलंब जमा कराने का आदेश भी दिया गया।
निरीक्षण के क्रम में प्रखंड कार्यालय भवन के अंदर मोटरसाइकिलें खड़ी पाए जाने पर भी जिलाधिकारी ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने मौके पर उपस्थित प्रभारी जिला परिवहन पदाधिकारी को संबंधित वाहन मालिकों पर तत्काल फाइन लगाने का निर्देश दिया।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, दरौंदा को निर्देश दिया कि पुराने सरकारी वाहनों को सरकार की स्क्रैप नीति के अनुसार स्क्रैप घोषित करने की प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए। साथ ही जिले के ऐसे सभी पुराने एवं नीलामी योग्य सरकारी वाहनों को भी स्क्रैप नीति के तहत निस्तारित करने की कार्रवाई शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने प्रखंड कार्यालय में आने वाले आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता, अनुशासन और नागरिक सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
#Siwan #Daraunda #DMInspection #CleanOffice
#AdministrativeAction #FineImposed #ScrapPolicy
#PublicConvenience #IPRD_Bihar
