अनुमंडल स्तर पर विधानसभा चुनाव के सफल संचालन पर कर्मियों को मिला सम्मान

भागलपुर अनुमंडल स्तर पर विधानसभा चुनाव के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफल संचालन के उपलक्ष्य में अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के संयुक्त तत्वावधान में प्रशस्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर चुनाव कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, पुलिस बल के जवान, दंडाधिकारी, मतदान कर्मी, सेक्टर पदाधिकारी सहित अन्य सहयोगी कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने सभी कर्मियों के अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं टीमवर्क की सराहना करते हुए कहा कि सभी के समन्वित प्रयास से ही चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सका।
समारोह को संबोधित करते हुए पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने में चुनाव ड्यूटी में लगे प्रत्येक कर्मी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विधानसभा चुनाव के दौरान कर्मियों ने विपरीत परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, जो प्रशंसनीय है।
इस अवसर पर अनुमंडल के वरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में चुनाव कार्य से जुड़े कर्मी उपस्थित थे। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मियों का मनोबल बढ़ाना तथा भविष्य में भी इसी समर्पण भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित करना रहा।
#BiharPolice #BhagalpurPolice #भागलपुर_पुलिस #Bhagalpur #HainTaiyarHum #ElectionDuty #AssemblyElection #Democracy #HindustanNews
