रक्साडीह बस स्टैंड का किया गया विस्तृत निरीक्षण, यात्री सुविधाओं व यातायात सुधार पर प्रशासन सख्त

भागलपुर, 17 दिसंबर।
उप विकास आयुक्त–सह–प्रभारी जिलाधिकारी, भागलपुर श्री प्रदीप कुमार सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री शुभांक मिश्रा द्वारा आज रक्साडीह बस स्टैंड का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य बस स्टैंड परिसर में संचालित गतिविधियों की गहन समीक्षा, यात्रियों को उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का आकलन तथा प्रस्तावित बस स्टैंड स्थानांतरण की अद्यतन प्रगति की स्थिति का जायजा लेना था।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने बस स्टैंड परिसर में व्याप्त अव्यवस्थाओं, अत्यधिक यातायात दबाव एवं यात्रियों को हो रही असुविधाओं पर गंभीरता से विचार–विमर्श किया। अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि रक्साडीह बस स्टैंड को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं यात्रियों के अनुकूल बनाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा बस स्टैंड परिसर में पर्याप्त संख्या में यात्री शेड, स्थायी एवं पारदर्शी टिकट काउंटर, स्वच्छता मानकों के अनुरूप शौचालय, तथा बसों के सुरक्षित आवागमन और यात्रियों की सहज आवाजाही के लिए समतलीकरण एवं सुव्यवस्थित मार्ग व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में विभिन्न योजनाएं तैयार की जा रही हैं। संबंधित विभागों एवं कार्य एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि सभी आवश्यक संरचनात्मक कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि बस स्टैंड क्षेत्र में छोटे वाहनों, विशेषकर तीन पहिया वाहनों (ऑटो, ई-रिक्शा आदि) की अनियंत्रित आवाजाही पर सख्त नियंत्रण लगाया जाएगा। इसके तहत निर्धारित स्टैंड, तय रूट एवं सरकारी तौर पर स्वीकृत किराया दर को प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। नगर पुलिस एवं परिवहन विभाग को संयुक्त रूप से नियमित जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया, ताकि अवैध पार्किंग, मनमानी किराया वसूली तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जा सके।
जिला प्रशासन द्वारा रक्साडीह बस स्टैंड को लेकर उठाए गए इन ठोस एवं प्रभावी कदमों के परिणामस्वरूप क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। जाम की समस्या में कमी आई है, बसों एवं अन्य वाहनों का आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुचारू हुआ है तथा यात्रियों को भी राहत मिली है।
अधिकारियों ने बताया कि बस स्टैंड के स्थानांतरण की प्रक्रिया को लेकर सभी पहलुओं पर गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। स्थल चयन, आधारभूत संरचना विकास एवं यातायात प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से आगे की कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में शहर के यातायात पर सकारात्मक एवं स्थायी प्रभाव पड़े।
निरीक्षण के अंत में उप विकास आयुक्त–सह–प्रभारी जिलाधिकारी एवं नगर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा, स्वच्छता एवं यातायात प्रबंधन को लेकर निरंतर निगरानी रखी जाए। जिला प्रशासन आम जनता की सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में रक्साडीह बस स्टैंड सहित शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए अतिरिक्त एवं ठोस कदम उठाए जाएंगे।
#Bhagalpur #BhagalpurPolice #DistrictAdministration #TrafficManagement #BusStandInspection #PublicConvenience
