नल–जल योजना में तकनीकी खराबी से बढ़ी परेशानी, जल्द बहाल होगी आपूर्ति
पुरैनी पंचायत में पाइप क्षतिग्रस्त होने से चार दिनों तक जल संकट

भागलपुर। जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत पुरैनी दक्षिणी ग्राम पंचायत में नल–जल आपूर्ति योजना में आई तकनीकी दिक्कतों के कारण पिछले चार दिनों से ग्रामीणों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ रहा था। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान भूमिगत पानी के पाइप क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके चलते कई वार्डों में पानी की आपूर्ति बाधित हो गई।

जल संकट की गंभीरता को देखते हुए पंचायत के मुखिया शहवाज ने तत्काल लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) से संपर्क किया। विभाग द्वारा तकनीशियन की व्यवस्था कर क्षतिग्रस्त पाइपों की मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया। मुखिया ने बताया कि मरम्मत कार्य पूर्ण होते ही नल–जल योजना के तहत नियमित जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी और ग्रामीणों को अब राहत मिलेगी।

ग्रामीण इस्लाम अंसारी ने भी समस्या के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाते हुए संबंधित अधिकारियों तक बात पहुंचाई। वहीं कचहरी सचिव फिरदौस अहमद ने बताया कि पानी की कमी के कारण महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी। उन्होंने जलापूर्ति का समय बढ़ाने और पानी के प्रेशर में सुधार करने का सुझाव दिया।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पंचायत के कई वार्डों में अभी भी नल खराब पड़े हैं, जिससे सभी घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इस पर मुखिया शहवाज ने भरोसा दिलाया कि खराब नलों की भी जल्द मरम्मत कराई जाएगी, ताकि हर घर तक स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।

प्रशासनिक पहल और जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद ग्रामीणों ने राहत की उम्मीद जताई है और कहा है कि यदि तय समय में जलापूर्ति बहाल हो जाती है तो लोगों को बड़ी परेशानी से निजात मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *