बेगूसराय पुलिस की बड़ी कार्रवाई, साढ़े तीन करोड़ की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

बेगूसराय।
नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बेगूसराय पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने करीब 3 किलो 340 ग्राम उच्च गुणवत्ता की स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने तस्करी से जुड़े 20 लाख 47 हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर जिले में विशेष टीम गठित कर छापामारी की गई। तलाशी के दौरान तस्करों के पास से भारी मात्रा में स्मैक और नकद राशि बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जब्त की गई स्मैक उच्च गुणवत्ता की है और इसे अंतरजिला व अंतरराज्यीय स्तर पर खपाने की तैयारी थी।
गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और नशे का यह नेटवर्क कहां-कहां तक फैला हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बेगूसराय पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार पर करारा प्रहार माना जा रहा है।
