हथियार के विरुद्ध भागलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन युवक अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार

भागलपुर।
वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर के निर्देश पर अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बाईपास थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुरुवार, 18 दिसंबर 2025 को विशेष छापामारी के दौरान जखबाबा स्थान के उत्तर स्थित महेन्द्रा शोरूम के अंदर से तीन युवकों को अवैध हथियार व गोली के साथ गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. पग्गों (उम्र करीब 25 वर्ष), मो. अफान (उम्र करीब 22 वर्ष) और मो. साकीर (उम्र करीब 24 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों अभियुक्त दोगच्छी गांव, थाना बाईपास, जिला भागलपुर के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त मो. पग्गों एवं मो. अफान का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है। इनके विरुद्ध बाईपास थाना कांड संख्या 87/25 (दिनांक 13.06.25) के तहत बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। इसके अलावा कांड संख्या 21/22 (दिनांक 15.01.22) के अंतर्गत भादवि की धाराओं में भी दोनों आरोपित नामजद रह चुके हैं।
छापामारी के दौरान पुलिस ने एक मास्केट (देशी कट्टा) एवं एक जिंदा गोली बरामद की है। बरामद मास्केट के बैरल की लंबाई लगभग 18 इंच तथा बॉडी की लंबाई करीब 6 इंच है, जिसकी कुल लंबाई लगभग 24 इंच बताई गई है। हथियार के दोनों ओर लकड़ी के हत्थे लगे हुए हैं और इसे काले रंग से पेंट किया गया है। कट्टा खोलने पर उसके अंदर से एक 315 बोर की जिंदा गोली बरामद हुई, जिसके पिछले हिस्से पर ठोकर का निशान एवं “8 M.M K.F” अंकित पाया गया।
इस सफल छापामारी अभियान का नेतृत्व बाईपास थाना प्रभारी पु०अ०नि० प्रभात कुमार ने किया। उनके साथ पु०अ०नि० सुशील गराई तथा सिपाही लखन कुमार, अमित कुमार और राजीव कुमार छापामारी दल में शामिल थे।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वरीय अधिकारियों ने इस कार्रवाई को अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस की सख्त नीति का परिणाम बताया है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रखने की बात कही है।
