भीषण ठंड में जगदीशपुर अंचल बेपरवाह, पंचायतों में अलाव की नहीं हुई व्यवस्था

जगदीशपुर (भागलपुर)
जगदीशपुर अंचल क्षेत्र में पड़ रही भीषण ठंड के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक अलाव की कोई व्यवस्था नहीं किए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। अंचल के विभिन्न मौजा और पंचायतों में शीतलहर का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है, लेकिन ठंड से बचाव के लिए न तो अलाव जलाए गए हैं और न ही लकड़ी की कोई आपूर्ति की गई है।
पंचायतों के ग्रामीणों का कहना है कि सरकार द्वारा हर वर्ष ठंड के मौसम में अलाव की व्यवस्था किए जाने का निर्देश होता है, ताकि गरीब, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे ठंड से राहत पा सकें। बावजूद इसके इस वर्ष अब तक कहीं भी अंचल प्रशासन की ओर से अलाव की व्यवस्था नहीं दिखी है। खासकर सुबह और रात के समय ठंड अधिक होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि खेतों में काम करने वाले मजदूर, सड़क किनारे रहने वाले असहाय लोग और बुजुर्ग ठंड में सबसे अधिक प्रभावित हैं। कई स्थानों पर लोग अपने स्तर से कचरा या सूखी लकड़ी जलाकर ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
स्थानीय लोगों ने अंचल प्रशासन से अविलंब सभी पंचायतों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र ही ठंड से राहत के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो जनजीवन और अधिक प्रभावित हो सकता है।
