तातारपुर में कोचिंग संचालक से रंगदारी व लूट, हथियार के साथ मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार

भागलपुर के तातारपुर थाना क्षेत्र में कोचिंग संचालक से रंगदारी मांगने, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तातारपुर थाना अंतर्गत एक कोचिंग संचालक श्री अरुण कुमार से अभियुक्त विक्की राजपाल द्वारा पूर्व से ही लगातार जान से मारने की धमकी देते हुए रंगदारी की मांग की जा रही थी।
दिनांक 24 नवंबर 2025 को अभियुक्त विक्की राजपाल अपने सहयोगी सोनू मंडल के साथ कोचिंग संस्थान में पहुंचा और रंगदारी की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर अभियुक्त ने कमर में कट्टा सटाकर कोचिंग संचालक के काउंटर (गल्ला) से 50 हजार रुपये लूट लिए। इसके साथ ही अभियुक्त ने अपने खाते में 50 हजार रुपये और भेजने का दबाव बनाया।
भय और दबाव में आकर कोचिंग संचालक ने अगले दिन यानी 25 नवंबर 2025 को अभियुक्त के खाते में 30 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बावजूद अभियुक्त का आतंक खत्म नहीं हुआ। 14 दिसंबर 2025 को पुनः अभियुक्त द्वारा कोचिंग संचालक से 6 लाख रुपये रंगदारी की मांग की गई और रकम नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी गई।
लगातार मिल रही धमकियों और भय के माहौल में कोचिंग संचालक ने मजबूर होकर 18 दिसंबर 2025 को तातारपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर तातारपुर थाना कांड संख्या 171/25 दर्ज कर पुलिस द्वारा अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक, भागलपुर तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर-1, भागलपुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा तकनीकी एवं मानवीय आसूचना के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया।
इसी क्रम में मुख्य अभियुक्त विक्की राजपाल को सबौर थाना क्षेत्र से दिनांक 20 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के स्वीकारोक्ति बयान एवं निशानदेही पर उसके घर से दो देशी कट्टा एवं एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। हथियार बरामदगी के संबंध में अलग से प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर अनुसंधान किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संलिप्त अभियुक्तों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जल्द ही उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है।
Bihar Police
#BhagalpurPolice
#HaiTaiyarHum
#bhagalpur
