श्रावणी मेला में कांवरियों के लिए पेयजल, शौचालय और स्वच्छता की विशेष व्यवस्था

भागलपुर। श्रावणी मेला 2026 के दौरान भागलपुर जिले से होकर बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले शिवभक्तों और कांवरियों की सुविधा को लेकर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। कांवरिया पथ और मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के साथ शौचालय एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था की गई है।
विभाग का उद्देश्य मेला के दौरान बड़ी संख्या में पहुंच रहे कांवरियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। श्रद्धालुओं के ठहराव और आवागमन वाले क्षेत्रों में साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
विभाग की ओर से लोगों से भी स्वच्छता बनाए रखने और निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालने की अपील की गई है। अधिकारियों के अनुसार, श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पेयजल एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। इससे कांवरियों को गर्मी और लंबी पैदल यात्रा के दौरान स्वच्छ पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
