संवाद कक्ष में गृह विभाग की प्रेस वार्ता, कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं स्पष्ट

पटना।
सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के संवाद कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अरविंद कुमार चौधरी ने मीडियाकर्मियों के साथ विभाग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति, प्रशासनिक कार्यप्रणाली तथा सरकार की प्राथमिकताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि बिहार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता पारदर्शी, उत्तरदायी और संवेदनशील प्रशासन के माध्यम से राज्य में सुदृढ़ विधि-व्यवस्था स्थापित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून का शासन सुनिश्चित कर लोगों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना तथा समग्र विकास की दिशा में निरंतर कार्य करना सरकार का मूल उद्देश्य है।
श्री चौधरी ने बताया कि अपराध नियंत्रण, त्वरित पुलिस कार्रवाई, तकनीकी संसाधनों के उपयोग और प्रशासनिक समन्वय के माध्यम से कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। आम जनता के विश्वास को बनाए रखना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना गृह विभाग की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) श्री विनय कुमार तथा अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) श्री पंकज दराद भी उपस्थित रहे। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने, अपराध पर नियंत्रण तथा आमजन की सुरक्षा से जुड़े प्रयासों की जानकारी दी।
प्रेस वार्ता के दौरान मीडियाकर्मियों द्वारा पूछे गए सवालों का अधिकारियों ने स्पष्ट और तथ्यपरक उत्तर दिया। कार्यक्रम के अंत में यह संदेश दिया गया कि बिहार सरकार कानून-व्यवस्था, सुशासन और विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
#BiharHomeDept
