भागलपुर में सात निश्चय योजना के तृतीय चरण को लेकर डीएम की समीक्षा बैठक

घर-घर तक पहुंचे लाभ, लापरवाही बर्दाश्त नहीं : जिलाधिकारी
रिपोर्ट : शयामानंद सिंह | भागलपुर
भागलपुर। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी “सात निश्चय योजना” के तृतीय चरण को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। यह बैठक समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में आयोजित की गई, जिसमें योजना से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार की मंशा है कि सात निश्चय योजना के तीसरे चरण का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक घर-घर पहुंचे। इसके लिए कार्यों में पारदर्शिता, आपसी समन्वय और समयबद्ध क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि सात निश्चय योजना का तृतीय चरण लाभुकों के लिए बेहद कारगर साबित होगा, क्योंकि इसमें आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने अधिकारियों से योजना से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को सरल बनाने को कहा, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने सुझाव रखे और बताया कि किस प्रकार योजना को और अधिक प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा जा सकता है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जिलाधिकारी द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि योजना की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा फील्ड स्तर पर जाकर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं तभी सफल होंगी, जब अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक समय पर लाभ पहुंचे।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना को सफल बनाने का आह्वान किया।
