पीरपैंती में प्रस्तावित अडानी पावर प्लांट के निर्माण में कटने वाले पेड़ों के बदले तीन गुना पौधरोपण होगा : डीएम

रिपोर्ट — श्यामानंद सिंह, भागलपुर
भागलपुर जिले के पीरपैंती में प्रस्तावित अडानी पावर प्लांट (विद्युत ताप गृह) के निर्माण को लेकर बिहार सरकार द्वारा अधिग्रहित भूमि पर इन दिनों पेड़ कटाई का कार्य तेज़ी से जारी है। पेड़ कटाई शुरू होते ही स्थानीय लोगों और पर्यावरणविदों में इसके पर्यावरणीय दुष्प्रभावों को लेकर चिंता देखी जा रही है।
इसी बीच इस मामले पर स्थिति स्पष्ट करते हुए भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा है कि विकास योजनाओं के तहत यदि कहीं पेड़ों की कटाई अपरिहार्य होती है, तो उसके बदले नियमानुसार तीन गुना अधिक पेड़ लगाए जाने का प्रावधान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीरपैंती में भी जितने पेड़ काटे जाएंगे, उससे तीन गुना अधिक पौधरोपण किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और रख-रखाव की जिम्मेदारी भी तय की गई है, ताकि लगाए गए पौधे लंबे समय तक सुरक्षित रहें और पर्यावरण संतुलन बना रहे। जिला प्रशासन और राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण को लेकर पूरी तरह सजग है और विकास के साथ-साथ पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, पावर प्लांट परियोजना से जहां क्षेत्र में औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, वहीं पर्यावरणीय नियमों का भी सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
