गयाजी में RPF की बड़ी कार्रवाई, दून एक्सप्रेस से 48 जीवित कछुए बरामद,‘ऑपरेशन विलेप’ के तहत वन्यजीव तस्करी की कोशिश नाकाम, बाजार कीमत लगभग 24 लाख रुपये

गया (बिहार)। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बिहार के गयाजी में वन्यजीव तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए दून एक्सप्रेस से 48 जीवित कछुओं की बरामदगी की है। यह कार्रवाई RPF द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन विलेप’ के तहत की गई। बरामद सभी कछुओं को सुरक्षित रूप से वन विभाग को सौंप दिया गया है।

RPF से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गश्ती के दौरान रात लगभग 22:25 बजे प्लेटफॉर्म संख्या-02 पर खड़ी गाड़ी संख्या 13010 डाउन दून एक्सप्रेस के कोच S-7 की जांच की गई। जांच के दौरान कोच में रखे दो प्लास्टिक के बोरे—एक सफेद और एक पीले रंग का—संदिग्ध अवस्था में पाए गए। जब दोनों बोरों को खोला गया तो उनमें कुल 48 जीवित कछुए मिले।

इसके बाद बरामद कछुओं को बोरे सहित रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, गया लाया गया और मामले की सूचना तुरंत गयाजी वन विभाग को दी गई। सूचना पर पहुंचीं वन विभाग की रेंज अधिकारी आरती कुमारी को सभी 48 जीवित कछुए सुरक्षित अवस्था में सौंप दिए गए। वन विभाग के अनुसार, बरामद कछुओं की अनुमानित बाजार कीमत करीब 24 लाख रुपये आंकी गई है।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में RPF ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की है। बीते दिनों नेताजी एक्सप्रेस और देहरादून एक्सप्रेस से कुल 178 कछुओं की बरामदगी की जा चुकी है। वहीं, गयाजी से एक दिन पहले झारखंड के साहेबगंज में RPF ने नई दिल्ली–फरक्का एक्सप्रेस से 1000 से अधिक जीवित कछुए बरामद किए थे, इस मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार भी किया गया था।

पूछताछ में सामने आया है कि तस्कर इन कछुओं को वाराणसी (बनारस) से लाकर पश्चिम बंगाल में सप्लाई करने की फिराक में थे। RPF और वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत इस तरह की तस्करी पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *