अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दी श्रद्धांजलि


पाटलिपुत्र पार्क में आयोजित राजकीय समारोह में प्रतिमा पर माल्यार्पण

पटना। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को पाटलिपुत्र पार्क में आयोजित राजकीय जयंती समारोह में माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अटल बिहारी वाजपेयी के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि वे भारतीय राजनीति के ऐसे शिखर पुरुष थे, जिनका जीवन लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता और सुशासन के लिए समर्पित रहा। उनका विचार और कृतित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

राजकीय समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा, मंत्री श्री अशोक चौधरी, विधायक सह भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय सरावगी, विधायक श्री संजीव चौरसिया, विधायक श्री रत्नेश कुशवाहा, बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री नन्द किशोर यादव सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भी अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं तथा राज्य सरकार के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने अटल जी के आदर्शों पर चलने और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

समारोह के दौरान पूरे परिसर में श्रद्धा और सम्मान का वातावरण बना रहा, जहां उपस्थित लोगों ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के अमूल्य योगदान को याद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *