पुलिस अधीक्षक भोजपुर की विशेष पहल : आपके द्वार ‘जनता दरबार’


उदवंतनगर (भोजपुर)।
पुलिस महानिदेशक, बिहार के निर्देशानुसार आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने एवं पुलिस–जन संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से भोजपुर पुलिस द्वारा लगातार सराहनीय पहल की जा रही है। इसी क्रम में आज दिनांक 25 दिसंबर 2025 को उदवंतनगर थाना परिसर में “जनता दरबार सह भ्रमण” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक भोजपुर के दिशा–निर्देशन में आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनी गईं। भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, रास्ता विवाद सहित अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर पहुंचे फरियादियों की शिकायतों पर संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कई मामलों का मौके पर ही आपसी सहमति से निष्पादन कराया गया, जिससे लोगों को राहत मिली।

पुलिस अधिकारियों ने जनता को भरोसा दिलाया कि भोजपुर पुलिस सदैव आपकी सेवा में तत्पर है और कानून–व्यवस्था बनाए रखने के साथ–साथ जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस एवं आम नागरिकों के बीच संवाद स्थापित हुआ, जिससे आपसी विश्वास और सहयोग को बल मिला।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की समस्या या सूचना के लिए निर्भय होकर पुलिस से संपर्क करें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। जनता दरबार जैसे कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि पुलिस सेवा आम लोगों के और अधिक करीब पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *