समाहरणालय सभागार में आयोजित हुआ “जनता से साक्षात्कार” कार्यक्रम, 62 से अधिक मामलों की हुई सुनवाई

सिवान।
समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को “जनता से साक्षात्कार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी सिवान श्री विवेक रंजन मैत्रेय सहित जिले के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने करीब 62 से अधिक व्यक्तियों के मामलों की व्यक्तिगत रूप से सुनवाई की। प्राप्त परिवाद पत्रों पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों की जांच शीघ्र कराई जाए तथा जांच प्रतिवेदन समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए। कई मामलों में अपर समाहर्ता, भूमि उपसमाहर्ता (सिवान सदर एवं महाराजगंज), अनुमंडल पदाधिकारी सिवान सदर एवं नामित जिला स्तरीय पदाधिकारियों को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई।
जनता दरबार में भूमि विवाद, आपसी बंटवारा, अतिक्रमण, जमीन से जुड़ी समस्याएं, कल्याणकारी योजनाएं, बैंकिंग, शस्त्र लाइसेंस, स्वास्थ्य, नगर पंचायत, पंचायती राज विभाग एवं विभिन्न कार्यालयों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। भूमि से जुड़े मामलों की अधिकता को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि ऐसे सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाए।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जमीन से संबंधित मामलों में संबंधित अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की अध्यक्षता में थाना एवं अनुमंडल स्तर पर प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाले जनता दरबार में दोनों पक्षों को बुलाकर विवादों का समाधान कराया जाए। साथ ही सभी भूमि सुधार उपसमाहर्ताओं को निर्देशित किया गया कि प्राप्त आवेदनों की गहन जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इसके अतिरिक्त कई आवेदनों पर वरीय पदाधिकारियों को नामित कर जांच के निर्देश दिए गए। जांच पदाधिकारियों को यह भी कहा गया कि सभी मामलों की जांच अधिकतम सात दिनों के भीतर पूरी की जाए। जांच के दौरान यदि कोई कर्मी या पदाधिकारी दोषी पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कार्रवाई हेतु प्रतिवेदन भेजा जाए।
जनता दरबार में भूमि से जुड़े मामलों को लेकर जिला पदाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों को विशेष निर्देश देते हुए कहा कि अधिकतर आवेदक ग्रामीण एवं किसान होते हैं, जिन्हें सरकारी प्रक्रियाओं की पूरी जानकारी नहीं होती। ऐसे में उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करें। आवश्यकता पड़ने पर आवेदन लिखने में भी मदद करें, ताकि किसी भी व्यक्ति को बेवजह कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
कार्यक्रम के सफल आयोजन से आम जनता में प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
#Siwan #JantaSeSakshatkar #JantaDarbar #DM_Siwan #BiharNews
