ग्रामीण कार्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा, सात निश्चय सहित परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन के निर्देश


पटना।
ग्रामीण कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित सात निश्चय योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की प्रगति को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं की वर्तमान स्थिति, कार्य की गति, गुणवत्ता तथा समयबद्ध क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।

समीक्षा के दौरान माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने वरीय पदाधिकारियों एवं सीनियर इंजीनियर्स को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों, पुल-पुलियों एवं आधारभूत संरचनाओं का निर्माण तय मानकों के अनुरूप और निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सात निश्चय योजना राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य गांव-गांव तक बेहतर कनेक्टिविटी और विकास की रफ्तार को तेज करना है।

बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों की भी समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता न हो।

इस अवसर पर विभागीय सचिव श्री दिवेश सेहरा, ग्रामीण कार्य विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारी तथा अभियंता उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया और आश्वस्त किया कि सभी परियोजनाओं को तय समय में पूर्ण करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने दोहराया कि ग्रामीण विकास सरकार की प्राथमिकता है और इससे जुड़े सभी कार्य पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं जनहित को ध्यान में रखकर पूरे किए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *