भागलपुर के उल्टा पुल के नीचे लगी भीषण आग, दमकल की तत्परता से टली बड़ी अनहोनी

रिपोर्ट : शयामानंद सिंह, भागलपुर
भागलपुर शहर के व्यस्त इलाके स्थित उल्टा पुल के नीचे गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वहां जमा प्लास्टिक की खाली बोतलों के ढेर में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और काले धुएं का गुबार चारों ओर फैल गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल के नीचे लंबे समय से बड़ी मात्रा में प्लास्टिक की खाली बोतलें और अन्य ज्वलनशील कचरा जमा था। किसी अज्ञात कारण से इसमें आग लग गई, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोग तुरंत हरकत में आए और दमकल गाड़ी के पहुंचने से पहले ही उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
इसी बीच घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां त्वरित गति से मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। उनकी सतर्कता और तेज कार्रवाई के कारण आग आसपास के रिहायशी इलाकों और दुकानों तक फैलने से पहले ही नियंत्रित कर ली गई, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई है, जो राहत की बात है। हालांकि प्लास्टिक सामग्री में आग लगने के कारण धुआं और गर्मी काफी अधिक थी, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति गंभीर बनी रही।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों ने पुल के नीचे इस तरह से प्लास्टिक कचरे के अवैध भंडारण पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई और नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
