हवेली खड़गपुर की मनोरम झील बनेगी इको-टूरिज़्म का नया केंद्र, प्रस्तावित पर्यटकीय विकास कार्यों का किया गया स्थलीय निरीक्षण

तारापुर विधानसभा अंतर्गत हवेली खड़गपुर स्थित प्रसिद्ध मनोरम झील में नौका विहार के माध्यम से प्रस्तावित पर्यटकीय विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यस्थल पर ही संबंधित विभाग के सचिव स्तर के पदाधिकारीगण के साथ विकास कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्धता की विस्तार से समीक्षा की गई।
निरीक्षण के क्रम में झील के संरक्षण, सौंदर्यीकरण तथा आधारभूत संरचनाओं के विकास पर विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि विकास कार्यों में पर्यावरणीय संतुलन एवं जैव विविधता संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि झील का प्राकृतिक स्वरूप अक्षुण्ण बना रहे।
बताया गया कि झील संरक्षण एवं विकास की यह योजना पूर्ण होने के उपरांत क्षेत्र को एक प्रमुख इको-टूरिज़्म केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे न केवल पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे। पर्यटन आधारित गतिविधियों के विस्तार से क्षेत्र की आर्थिक संपन्नता में भी व्यापक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
अधिकारियों ने कहा कि यह परियोजना नए बिहार की संकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे प्राकृतिक धरोहरों का संरक्षण करते हुए विकास को गति मिलेगी। स्थानीय लोगों की भागीदारी से इस क्षेत्र को राज्य के मानचित्र पर एक विशिष्ट पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
