डुमरांव थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक का जनता दरबार, समस्याओं के त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश

आज दिनांक 28 दिसंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक, बक्सर द्वारा डुमरांव थाना परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित हुए, जिन्होंने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखा।

पुलिस अधीक्षक ने एक-एक कर आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से किया जाए।

जनता दरबार के उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा डुमरांव थाना का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की व्यवस्था, अभिलेखों एवं विभिन्न पंजियों का अवलोकन किया गया। उन्होंने केस डायरी, आगंतुक रजिस्टर, मालखाना, लंबित मामलों एवं अभिलेखों के अद्यतन की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाना स्तर पर जनता दरबार का आयोजन पुलिस और आम नागरिकों के बीच विश्वास को मजबूत करता है। इससे समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही संभव हो पाता है और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकता है।
इस अवसर पर डुमरांव थाना के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *