सारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 16 शराब भट्ठियां ध्वस्त, हजारों लीटर अर्धनिर्मित शराब विनष्ट

सारण | संवाददाता
विगत 24 घंटे के भीतर सारण पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध सघन अभियान चलाते हुए जिले में बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने जिलान्तर्गत कुल 16 अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया तथा 18,795 लीटर अर्धनिर्मित देशी शराब को मौके पर ही विनष्ट किया।
अभियान के क्रम में पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से 2,148 लीटर अवैध शराब जप्त की है। साथ ही शराब तस्करी एवं निर्माण से जुड़े मामलों में 06 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान बिहार सरकार की पूर्ण शराबबंदी नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से चलाया गया। सभी संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त और निरंतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सारण पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं अवैध शराब निर्माण या बिक्री की जानकारी हो तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
इस अभियान में सारण पुलिस के विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने सक्रिय भूमिका निभाई। जिला प्रशासन एवं बिहार पुलिस द्वारा जिले को नशामुक्त बनाने के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
