सहरसा में भूमि सुधार जनकल्याण संवाद का भव्य आयोजन, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने किया उद्घाटन


सहरसा।
माननीय उपमुख्यमंत्री सह मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार श्री विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार 31 दिसंबर को सहरसा स्थित प्रेक्षा गृह में आयोजित भूमि सुधार जनकल्याण संवाद कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भूमि से जुड़े विवादों के स्थायी समाधान, पारदर्शी व्यवस्था और आम जनता को त्वरित न्याय दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भूमि सुधार जनकल्याण संवाद का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सीधे सुनना और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि सर्वे, दाखिल-खारिज, जमाबंदी, अंचल स्तर की समस्याओं और डिजिटल रिकॉर्ड से संबंधित मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता को सरल, पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त सेवाएं देना सरकार की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में प्रधान सचिव श्री सीके अनिल, सचिव श्री गोपाल मीणा, सहरसा के आयुक्त श्री राजेश कुमार, विशेष सचिव श्री अरुण कुमार सिंह, अपर सचिव श्री आजीव वत्सराज, पुलिस अधीक्षक श्री हिमांशु, प्रभारी जिलाधिकारी श्री कुमार निशांत, उपनिदेशक श्रीमती मोना झा, बंदोबस्त पदाधिकारी श्री संजीव कुमार चौधरी, सहायक निदेशक श्री सुधांशु शेखर, श्री सुमित कुमार आनंद, सहायक निदेशक सह जनसंपर्क पदाधिकारी सुश्री जूही कुमारी, आईटी मैनेजर श्री आनंद शंकर, भूमि सुधार उप समाहर्ता शीतू शर्मा सहित सभी अंचल अधिकारी, राजस्व कर्मचारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

जनसंवाद के दौरान लोगों ने अपनी-अपनी भूमि संबंधी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। उपमुख्यमंत्री एवं विभागीय अधिकारियों ने कई मामलों पर मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन का भरोसा दिलाया गया। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से भूमि अभिलेखों को और सुदृढ़ किया जा रहा है, जिससे आम लोगों को राहत मिलेगी।

कार्यक्रम के अंत में जिला प्रशासन द्वारा उपमुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों का स्वागत किया गया तथा भूमि सुधार के क्षेत्र में सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *