नववर्ष को लेकर सारण में प्रशासन अलर्ट, डीएम–एसपी ने नाथबाबा घाट एवं सदर अस्पताल का किया संयुक्त निरीक्षण

सारण।
नववर्ष 2026 के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण एवं पर्यटकों की सुविधा सुनिश्चित करने को लेकर सारण जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सारण श्री वैभव श्रीवास्तव एवं पुलिस अधीक्षक सारण डॉ. कुमार आशीष ने संयुक्त रूप से 31 दिसंबर 2025 को सदर अनुमंडल के रिविलगंज प्रखंड अंतर्गत नाथबाबा घाट तथा सदर अस्पताल का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने नाथबाबा घाट पर नववर्ष के अवसर पर उमड़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए सभी घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती एवं पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
इसके पश्चात सदर अस्पताल के निरीक्षण के क्रम में डीएम एवं एसपी ने अस्पताल प्रबंधन को सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रखने, आपात स्थिति से निपटने के लिए आईसीयू को अविलंब कार्यरत करने, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की पर्याप्त उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नववर्ष के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत एवं संबंधित थानाध्यक्ष भी उपस्थित रहे। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नववर्ष को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन एवं पुलिस को तत्काल सूचना दें।
