नववर्ष 2026 पर उमंगा धाम में प्रशासनिक सक्रियता, सुरक्षा, सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन विकास को लेकर व्यापक निरीक्षण

औरंगाबाद।
नववर्ष 2026 के पावन अवसर पर मदनपुर प्रखंड स्थित ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण उमंगा धाम मंदिर परिसर तथा उससे जुड़े विकसित पिकनिक स्पॉट में जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। नववर्ष पर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद श्रीमती अभिलाषा शर्मा (भा०प्र०से०) एवं पुलिस अधीक्षक श्री अंबरीष राहुल ने संयुक्त रूप से स्थल का व्यापक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण से जुड़े सभी पहलुओं की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नववर्ष के अवसर पर उमंगा धाम आने वाले श्रद्धालु एवं पर्यटक सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम वातावरण में दर्शन एवं भ्रमण कर सकें। मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, ट्रैफिक प्लान, पार्किंग व्यवस्था तथा आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया।
इस क्रम में मंदिर परिसर के समीप स्थित सरकारी तालाब के सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन अनुकूल विकास को लेकर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। भविष्य में यहां बोटिंग सुविधा विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई, जिससे पर्यटकों के आकर्षण में वृद्धि हो सके। साथ ही, मंदिर एवं पिकनिक स्पॉट के आसपास उपलब्ध भूमि का स्थलीय निरीक्षण कर पर्यटन से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं के विकास की संभावनाओं की समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा ने कहा कि उमंगा धाम में प्रस्तावित विकास कार्यों से न केवल स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, बल्कि औरंगाबाद जिला धार्मिक एवं पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान भी स्थापित करेगा। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ ठोस, व्यावहारिक एवं समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि योजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारा जा सके।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अंबरीष राहुल ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने पर बल दिया और कहा कि नववर्ष के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा।
जिला प्रशासन की इस सक्रिय पहल से स्पष्ट है कि उमंगा धाम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *