नववर्ष पर जिछो दुर्गा मंदिर में भव्य पूजा-अर्चना, फूलों से सजी आकृति बनी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र

रिपोर्ट – शयामानंद सिंह, भागलपुर
नववर्ष के पावन अवसर पर भागलपुर के प्रसिद्ध जिछो दुर्गा मंदिर में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भव्य पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। नववर्ष के स्वागत में मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया, जहां फूलों के माध्यम से नववर्ष की आकर्षक आकृति उकेरी गई। यह साज-सज्जा दिनभर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही।
नववर्ष की शुभ घड़ी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए और परिवार व समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर कांग्रेस नेता प्रवीण सिंह कुशवाहा द्वारा मंदिर परिसर में हवन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें विधि-विधान के साथ आहुति दी गई।
हवन कार्यक्रम के उपरांत कांग्रेस नेता प्रवीण सिंह कुशवाहा ने देशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नववर्ष सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और खुशहाली लेकर आए। उन्होंने कहा कि नई सोच और संकल्प के साथ आगे बढ़ना ही नववर्ष का वास्तविक संदेश है।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। भजन-कीर्तन और जयकारों से माहौल आध्यात्मिक बना रहा। प्रशासन एवं मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए भी उचित प्रबंध किए गए थे।
