डीएम रोहतास ने ध्वनि रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

रोहतास, 02 जनवरी 2026।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आमजनों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत शुक्रवार को जिला प्रशासन रोहतास द्वारा विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इस क्रम में जिला पदाधिकारी, रोहतास ने समाहरणालय परिसर से सड़क सुरक्षा ध्वनि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह ध्वनि रथ जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर आम लोगों को यातायात नियमों, सुरक्षित ड्राइविंग तथा सड़क सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक सावधानियों की जानकारी देगा। ध्वनि रथ के माध्यम से हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा, नशे में वाहन न चलाने एवं मोबाइल फोन का प्रयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण संदेश प्रसारित किए जाएंगे।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी महोदया ने कहा कि सड़क सुरक्षा माह 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक मनाया जा रहा है। पूरे माह के दौरान जिले में अलग-अलग तिथियों पर जागरूकता रैली, विद्यालयों में कार्यक्रम, वाहन चालकों को परामर्श, पोस्टर–बैनर अभियान एवं यातायात नियमों से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि रोहतास जिले में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं। ऐसी स्थिति में सड़क सुरक्षा को लेकर आम नागरिकों का जागरूक होना बेहद आवश्यक है। जिला पदाधिकारी ने विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा चार पहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अपील की।

जिला पदाधिकारी महोदया ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस के भय से नहीं, बल्कि स्वयं की, अपने परिवार एवं समाज की सुरक्षा के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनते हुए नियमों का पालन करने का आग्रह किया।

जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों में सक्रिय सहयोग करें और यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में सहभागी बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *