पटना में सड़क परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण, समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश

पटना। पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री पंकज कुमार पाल ने शुक्रवार को पटना शहर में प्रगति यात्रा के दौरान घोषित महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रमुख मार्गों पर चल रहे चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

सचिव ने नेहरू पथ से गोला पथ के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, खगौल नेहरू पथ से अशोक राजपथ होते हुए रूपसपुर नहर पथ के चार लेन चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इसके साथ ही रूपसपुर नहर से सगुना मोड़ तक नेहरू पथ के दोनों ओर भूमिगत नाला के साथ पथ निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। नेहरू पथ से गोला पथ तक चल रहे कार्यों का भी उन्होंने बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में पटली पथ को नेहरू पथ से दानापुर की ओर बेहतर और सुदृढ़ संपर्कता प्रदान करने के उद्देश्य से चल रही पथ निर्माण परियोजना की भी समीक्षा की गई। सचिव ने संबंधित अभियंताओं से कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

श्री पाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर तेजी और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर मैनपावर बढ़ाने पर भी जोर दिया, ताकि कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।

पथ निर्माण विभाग के अनुसार इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से पटना के पश्चिमी और दक्षिणी क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था काफी सुगम होगी। साथ ही ट्रैफिक जाम की समस्या से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन अधिक सुरक्षित व सुचारु हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *