मुख्यमंत्री ने किया कुम्हरार पार्क का निरीक्षण, संरक्षण व विकास पर दिया जोर

पटना। माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज पटना स्थित ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थल कुम्हरार पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मगध साम्राज्य काल के महत्वपूर्ण अवशेषों, कुम्हरार उत्खनन से प्राप्त संरक्षित भग्नावशेषों तथा पाटलिपुत्र की समृद्ध कला और संस्कृति पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का गहन अवलोकन किया।
निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कुम्हरार पार्क के संरक्षण, रख-रखाव और पर्यटक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कुम्हरार पार्क प्राचीन मगध की गौरवशाली विरासत और पाटलिपुत्र के ऐतिहासिक महत्व का जीवंत प्रमाण है। यह स्थल न केवल बिहार बल्कि पूरे देश की ऐतिहासिक पहचान को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि कुम्हरार पार्क के संरक्षण, बेहतर प्रबंधन और समग्र विकास के लिए भारत सरकार को पत्र लिखा जाए। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक धरोहर को और अधिक व्यवस्थित तथा आकर्षक रूप में विकसित किया जाना चाहिए, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक और शोधकर्ता यहां के इतिहास को गहराई से समझ सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे पुरातात्विक स्थलों का संरक्षण हमारी सांस्कृतिक जिम्मेदारी है। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली अतीत से जोड़ने का अवसर मिलता है। मुख्यमंत्री के इस पहल से कुम्हरार पार्क के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है, जिससे पटना के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
