जिलाधिकारी पटना ने विकासात्मक व लोक-कल्याणकारी योजनाओं का किया स्थल निरीक्षण, गुणवत्ता व समयबद्धता पर दिया विशेष जोर

पटना।
जिलाधिकारी, पटना द्वारा आज जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं लोक-कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का स्थल निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने योजनाओं की अद्यतन स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को गुणवत्तापूर्ण तथा समयबद्ध ढंग से कार्य करने का स्पष्ट निर्देश दिया।
निरीक्षण की शुरुआत लोकनायक जयप्रकाश नारायण समाधि स्थल के निर्माण हेतु दुजरा दियारा मौजा से की गई। निरीक्षण के दौरान जेपी गंगा पथ एवं देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद बिहार गौरव उद्यान (वेस्ट-टू-वंडर थीम पार्क) के बीच समाधि स्थल निर्माण के लिए 1.75 एकड़ भूमि चिन्हित की गई। जिलाधिकारी ने अंचल अधिकारी, पटना सदर को अग्रतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि इस योजना का क्रियान्वयन नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत बुडको (BUDCO) द्वारा किया जा रहा है और इस पर तीव्र गति से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के समाधि स्थल एवं जेपी गंगा पथ के बीच प्रस्तावित वेस्ट-टू-वंडर थीम पार्क के लिए स्थल निरीक्षण किया, जहाँ 10 एकड़ भूमि चिन्हित की गई। उन्होंने बताया कि इस पार्क का शिलान्यास माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के कर-कमलों द्वारा 06 अगस्त 2025 को किया गया था। पार्क के निर्माण से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी व्यापक लाभ मिलेगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह थीम पार्क बिहार के गौरवपूर्ण इतिहास एवं संस्कृति पर आधारित होगा, जिसमें आर्यभट्ट, चाणक्य, सम्राट अशोक, लोकनायक जयप्रकाश नारायण एवं दशरथ मांझी जैसी महान विभूतियों की प्रेरणादायक गाथाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही नालंदा, विक्रमशिला, स्तूप, मंदिर एवं मकबरे जैसी बिहार की स्थापत्य कला को भी दर्शाया जाएगा। पार्क में पर्यटकों के लिए खाने-पीने की सुविधा एवं खेल का मैदान भी उपलब्ध रहेगा। यह पूरा पार्क वेस्ट-टू-वंडर की अवधारणा पर आधारित होगा, जिसमें लोहे के कबाड़ को कला के रूप में रूपांतरित किया जाएगा।
इसके बाद जिलाधिकारी ने दीघा से सभ्यता द्वार तक जेपी गंगा पथ समग्र उद्यान परियोजना के विकास कार्यों का निरीक्षण किया और ड्रेनेज चैनल सहित अन्य समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि बीएसआरडीसी द्वारा इस परियोजना पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। यह क्षेत्र जनहित की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
जिलाधिकारी ने बताया कि 25 अगस्त 2025 को माननीय मुख्यमंत्री द्वारा 387.40 करोड़ रुपये की लागत से दीघा से गाँधी मैदान तक लगभग 7 किलोमीटर लंबाई में जेपी गंगा पथ समग्र उद्यान परियोजना (फेज-1) तथा 12.38 करोड़ रुपये की लागत से सभ्यता द्वार से कलेक्टोरेट घाट तक विचरण पथ (Promenade) के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया था। इन योजनाओं के पूर्ण होने पर हरित क्षेत्र का विकास, मॉर्निंग वॉक, पर्यटन सुविधा तथा छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा मिलेगी।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने गाँधी मैदान के समीप पटना हाट निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि यातायात पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाएगा और इस दिशा में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। पटना हाट का शिलान्यास भी 25 अगस्त 2025 को माननीय मुख्यमंत्री द्वारा किया गया था।
जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार पटना के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सड़कों, पुलों, फ्लाईओवरों सहित सैकड़ों विकास योजनाएँ संचालित हैं, जिससे आमजन का जीवन सुगम हुआ है। उन्होंने बताया कि 21 फरवरी को प्रगति यात्रा के दौरान माननीय मुख्यमंत्री द्वारा पटना जिले में 10,871 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की 32 विकास योजनाओं की घोषणाएँ की गई थीं, जिनका क्रियान्वयन तेजी से किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि इन योजनाओं की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण जिला प्रशासन के स्तर से किया जा रहा है तथा अंतर्विभागीय समन्वय के साथ कार्यों को गति दी जा रही है, ताकि विकास का लाभ समय पर जनता तक पहुँच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *