राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह: जहानाबाद डीएम ने दिलाई सड़क सुरक्षा की शपथ, जागरूकता रथ को किया रवाना

जहानाबाद।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर परिवहन विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन, जहानाबाद के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को समाहरणालय परिसर में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री अनिल कुमार सिन्हा ने पदाधिकारियों, कर्मियों एवं उपस्थित आमजनों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई तथा यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आमजन की जागरूकता सबसे अहम है। सड़क सुरक्षा के मानकों की जानकारी जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से उन्होंने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह जागरूकता रथ दिनांक 06 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक जिले के सभी पंचायतों एवं टोलों में भ्रमण कर आम लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करेगा।

शपथ के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा उपस्थित लोगों को यह संकल्प दिलाया गया कि वे बिना हेलमेट दोपहिया वाहन नहीं चलाएंगे, चारपहिया वाहन चलाते समय सीटबेल्ट का प्रयोग करेंगे तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करेंगे। साथ ही, उन्होंने यह भी शपथ ली कि वे अपने परिवार, समाज एवं संपर्क में आने वाले सभी लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करेंगे। इस अवसर पर सड़क संकेतों (साइनेज) को देखकर वाहन चलाने और नियमों का पालन करने की विस्तृत जानकारी भी दी गई।

जिला परिवहन पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत 03 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक जिले में विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में 05 जनवरी 2026 को जहानाबाद बस स्टैंड पर यात्रियों एवं वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई थी और यातायात नियमों के पालन की अपील की गई।

कार्यक्रम के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी श्री संजय कुमार, जिला योजना पदाधिकारी श्री सुबोध कुमार, अवर जिला परिवहन पदाधिकारी सुश्री करिश्मा सिंह, प्रभारी पदाधिकारी जिला उर्दू भाषा कोषांग, मोटर यान निरीक्षक श्री ब्रजकिशोर कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *