मोटेशन के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, गोराडीह अंचल अधिकारी पर गंभीर शिकायत
पीड़ित विधवा महिला ने विधायक से लगाई गुहार

रिपोर्ट— शयामानंद सिंह, भागलपुर
भागलपुर। जिले के गोराडीह अंचल से मोटेशन के नाम पर अवैध वसूली और जानबूझकर कार्य लंबित रखने का एक गंभीर मामला सामने आया है। पिथना गांव निवासी बीबी सलेहा उर्फ साहिला ने गोराडीह अंचल की अंचल अधिकारी तान्या कुमारी एवं अंचल कार्यालय के कर्मचारी दिलीप कुमार पर मोटेशन के नाम पर मोटी रकम वसूलने का गंभीर आरोप लगाया है।

पीड़िता का कहना है कि जमीन के मोटेशन के एवज में उन्होंने अंचल अधिकारी तान्या कुमारी को 20 हजार रुपये तथा कर्मचारी दिलीप कुमार को 10 हजार रुपये दिए। इसके बावजूद पिछले डेढ़ वर्ष से उनका मोटेशन नहीं किया गया और उन्हें लगातार अंचल कार्यालय के चक्कर काटने को मजबूर किया जा रहा है। पीड़िता के अनुसार, उनके पक्ष में पहले ही निर्णय आ चुका है, फिर भी जानबूझकर प्रक्रिया को लटकाया जा रहा है।

मामले को और गंभीर बनाते हुए बीबी सलेहा ने आरोप लगाया कि अंचल अधिकारी द्वारा कथित रूप से 30 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग की गई और स्पष्ट रूप से कहा गया कि पैसा नहीं देने पर मोटेशन नहीं किया जाएगा। पीड़िता ने बताया कि वह एक गरीब विधवा महिला है और इतनी बड़ी रकम जुटाने में असमर्थ है।

इसी बीच पीड़िता ने स्थानीय भू-माफिया पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके अनुसार, मोहम्मद अकबर (पिता—स्व. अकबर), निवासी पिथना, थाना गोराडीह, अपने 3–5 अज्ञात साथियों के साथ जबरन उनकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। आरोप है कि भू-माफियाओं ने उनके कच्चे मकान को तोड़ने का प्रयास किया और विरोध करने पर मारपीट के साथ जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने आशंका जताई है कि कभी भी उसके और उसके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना घट सकती है।

न्याय की आस में पीड़िता ने इस पूरे मामले की शिकायत कहलगांव विधायक सुभानंद मुकेश से की। विधायक ने पीड़िता की बातों को गंभीरता से सुनते हुए पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

पीड़िता ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित जमीन का अविलंब मोटेशन कराया जाए, अंचल स्तर पर हुई कथित अवैध वसूली की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए तथा भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं, ताकि उसे और उसके परिवार को न्याय और सुरक्षा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *