भारत–नेपाल सीमा पर एसएसबी की सख्त कार्रवाई,63 बोतल नेपाली शराब जब्त, तस्करों में मची खलबली

नरकटियागंज।
भारत–नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। 44वीं वाहिनी एसएसबी नरकटियागंज के अंतर्गत सीमा चौकी एफ-समवाय नगरदेही के कार्यक्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर नाका अभियान चलाया गया, जिसमें भारी मात्रा में नेपाली शराब जब्त की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नाका के दौरान उप निरीक्षक/सहायक पियर चंद एवं उनकी टीम ने भारत–नेपाल सीमा स्तम्भ संख्या 425/4 से लगभग 150 मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए कुल 63 बोतल नेपाली शराब बरामद की। जब्त शराब में (1) गोल्डन ओके – 16 बोतल (180 एमएल), (2) हाईलैंडर – 24 बोतल (375 एमएल) तथा (3) ब्लैक ओके – 23 बोतल (180 एमएल) शामिल है।
एसएसबी की इस कार्रवाई के बाद जब्त किए गए सभी सामान को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए भंगहा थाना को सुपुर्द कर दिया गया। हालांकि तस्कर मौके से फरार हो गए, लेकिन एसएसबी और पुलिस द्वारा उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एसएसबी द्वारा लगातार सीमा पर चौकसी और सख्त कार्रवाई किए जाने से अवैध गतिविधियों पर काफी हद तक अंकुश लगा है। तस्करी में संलिप्त लोगों में खलबली मची हुई है, वहीं सीमा क्षेत्र में अवैध शराब के आवागमन में भी गिरावट देखी जा रही है।
एसएसबी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भारत–नेपाल सीमा पर तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि सीमा क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
