एग्रीस्टैक योजना के तहत किसानों के जमाबंदी सत्यापन का अभियान तेज


सिवान में उप सचिव संजय कुमार सिंह ने पंचायत स्तरीय शिविरों का किया निरीक्षण
सिवान।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा एग्रीस्टैक योजना के अंतर्गत किसानों के जमाबंदी बकेट क्लेम एवं सत्यापन का कार्य पूरे बिहार में मिशन मोड में चलाया जा रहा है। यह विशेष अभियान आगामी 10 जनवरी तक जारी रहेगा। अभियान के तहत राज्य के सभी पंचायतों के पंचायत भवनों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि किसानों को अपने जमाबंदी से संबंधित समस्याओं के समाधान में सुविधा मिल सके।
विभाग ने इस व्यापक अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को जिलावार जिम्मेदारी सौंपी है, जिससे स्थल पर मौजूद रहकर कार्यों का पर्यवेक्षण सुनिश्चित किया जा सके। इसी क्रम में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के उप सचिव श्री संजय कुमार सिंह ने सिवान जिले के विभिन्न पंचायतों में आयोजित शिविरों का निरीक्षण किया और अभियान की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उप सचिव ने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिया कि जमाबंदी बकेट क्लेम एवं सत्यापन का कार्य पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि एग्रीस्टैक योजना का उद्देश्य किसानों का डिजिटल रिकॉर्ड सुदृढ़ करना है, ताकि भविष्य में उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
अधिकारियों ने बताया कि शिविरों में राजस्व कर्मचारी, अंचल कार्यालय के कर्मी एवं तकनीकी टीम मौजूद हैं, जो किसानों के दस्तावेजों की जांच कर तत्काल आवश्यक सुधार कर रहे हैं। विभाग का प्रयास है कि अभियान समाप्त होने से पहले अधिक से अधिक किसानों के मामलों का निपटारा कर लिया जाए।
जिला प्रशासन, सिवान ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि तक अपने पंचायत भवन में लगाए जा रहे शिविरों में पहुंचकर जमाबंदी सत्यापन का कार्य अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *