सारण पुलिस का विशेष अभियान, अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई,36 घंटे में 32 शराब भट्ठियां ध्वस्त, 41,700 लीटर अर्धनिर्मित शराब विनष्ट

सारण।
सारण जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। विगत 36 घंटे के भीतर सारण पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता मिली है। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 32 अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया गया।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस दौरान करीब 41,700 लीटर अर्धनिर्मित शराब को मौके पर ही विनष्ट किया गया, ताकि इसका दुरुपयोग न हो सके। इसके साथ ही अलग-अलग स्थानों से 652.22 लीटर देशी एवं विदेशी शराब जप्त की गई। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त 06 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर चलाया गया, जिसका उद्देश्य शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करना और अवैध शराब के नेटवर्क को जड़ से खत्म करना है। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने नदी किनारे, ग्रामीण इलाकों एवं जंगलनुमा क्षेत्रों में विशेष छापेमारी की।
सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। किसी भी हाल में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब से जुड़ी गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *