अपराध नियंत्रण व विधि-व्यवस्था को लेकर भागलपुर में मासिक क्राइम मीटिंग


एसएसपी हृदय कांत ने दिए सख्त निर्देश, सरस्वती पूजा–2026 को लेकर विशेष सतर्कता के आदेश

भागलपुर,
जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण एवं अनुसंधान की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) भागलपुर श्री हृदय कांत की अध्यक्षता में शुक्रवार को मासिक क्राइम मीटिंग का आयोजन किया गया। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा सभी पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, नियमित गश्त बढ़ाने तथा किसी भी घटना पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध अनुसंधान पर जोर
एसएसपी ने कहा कि सभी मामलों का अनुसंधान निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध होना चाहिए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके। उन्होंने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अनुसंधान में लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
फरार अपराधियों पर शिकंजा कसने का निर्देश

बैठक में फरार अपराधियों के विरुद्ध वारंट निष्पादन एवं कुर्की-जब्ती की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि वांछित अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण कायम रखा जा सके।
साइबर अपराध पर विशेष चिंता

बढ़ते साइबर अपराध के मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए एसएसपी ने आमजन में जागरूकता अभियान तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि साइबर से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन किया जाए और पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
सरस्वती पूजा–2026 को लेकर विशेष सतर्कता

आगामी सरस्वती पूजा–2026 को देखते हुए सभी थानाध्यक्षों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए। आवश्यकता पड़ने पर धारा–126 बीएनएसएस (BNSS) के तहत निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया गया, ताकि अफवाह फैलाने वालों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी/पुलिस उपाधीक्षक, अंचल निरीक्षक तथा जिले के सभी थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *