भैरवस्थान थाना क्षेत्र में मधुबनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

1665 लीटर देशी शराब और एक पिकअप वाहन बरामद, शराब कारोबारियों में हड़कंप

मधुबनी
जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मधुबनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भैरवस्थान थाना क्षेत्र अंतर्गत की गई विशेष कार्रवाई में पुलिस ने 1665 लीटर देशी शराब बरामद की है। साथ ही शराब की तस्करी में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन को भी जब्त किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर भैरवस्थान थाना की पुलिस टीम द्वारा इलाके में सघन वाहन जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका गया, जिसकी तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में अवैध देशी शराब लदी हुई पाई गई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही शराब और वाहन को जब्त कर लिया।

पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई राज्य सरकार की पूर्ण शराबबंदी नीति को सख्ती से लागू कराने की दिशा में की गई है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है तथा शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जिले में लगातार सघन अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *