नवपदस्थापित वरीय पुलिस अधीक्षक व नगर पुलिस अधीक्षक का जिलाधिकारी ने किया अभिनंदन


निवर्तमान पुलिस अधिकारियों को दी गई हार्दिक बधाई, प्रशासनिक समन्वय पर दिया गया जोर

भागलपुर
भागलपुर जिले में नवपदस्थापित वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार यादव एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री शैलेंद्र सिंह का जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने दोनों अधिकारियों को नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में प्रशासन एवं पुलिस के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

जिलाधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि नवपदस्थापित अधिकारी अपने अनुभव और कार्यकुशलता से जिले की विधि-व्यवस्था को मजबूत करेंगे तथा आम जनता को बेहतर सुरक्षा एवं प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराएंगे।

वहीं, निवर्तमान वरीय पुलिस अधीक्षक श्री हृदय कांत एवं निवर्तमान नगर पुलिस अधीक्षक श्री शुभांक मिश्रा को उनके कार्यकाल के दौरान किए गए सराहनीय कार्यों के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। जिलाधिकारी ने कहा कि दोनों अधिकारियों का योगदान जिले की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने में अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है और उनके कार्यों की सकारात्मक छाप लंबे समय तक बनी रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान प्रशासन और पुलिस के बीच आपसी समन्वय, जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *