19 जनवरी से हर सोमवार और शुक्रवार को बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों की होगी सुनवाई

जहानाबाद, संवाददाता।
बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर राज्य सरकार ने एक अहम पहल की है। मुख्यमंत्री सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (ईज ऑफ लिविंग)’ के तहत अब प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को बिजली विभाग के सभी कार्यालयों में उपभोक्ताओं की शिकायतों की नियमित सुनवाई की जाएगी। यह व्यवस्था 19 जनवरी से प्रभावी होगी।

इस संबंध में ऊर्जा सचिव सह बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री मनोज कुमार सिंह ने सभी आपूर्ति अंचल कार्यालयों के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारी अनिवार्य रूप से कार्यालय में उपस्थित रहकर उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनें और उनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें।

समय निर्धारित
जिला पदाधिकारी, जहानाबाद एवं विद्युत विभाग के निर्देशानुसार जिले के सभी अंचल, प्रमंडल, अवर प्रमंडल एवं सेक्शन कार्यालयों में
सोमवार: दोपहर 12:30 बजे से 2:00 बजे तक
शुक्रवार: अपराह्न 3:00 बजे से 4:30 बजे तक
उपभोक्ताओं की शिकायतों की सुनवाई की जाएगी।

कौन अधिकारी रहेंगे मौजूद
डिवीजन कार्यालय में — विद्युत कार्यपालक अभियंता
सब-डिवीजन कार्यालय में — सहायक विद्युत अभियंता
सेक्शन कार्यालय में — कनिष्ठ अभियंता
विद्युत कार्यपालक अभियंता, जहानाबाद श्री नंदलाल चौधरी ने बताया कि उपभोक्ता सीधे अधिकारियों से मिलकर अपनी समस्याएं रख सकेंगे। इससे बिजली बिल, कनेक्शन, वोल्टेज, आपूर्ति बाधा जैसी समस्याओं का स्थल पर ही समाधान संभव होगा।

उपभोक्ताओं की सुविधा पर विशेष जोर
ऊर्जा सचिव श्री मनोज कुमार सिंह ने निर्देश दिया कि सभी कार्यालयों में:
बैठने की समुचित व्यवस्था
पेयजल
शौचालय
शिकायत पंजीकरण की व्यवस्था
अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। साथ ही अधिकारियों को उपभोक्ताओं से संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने का निर्देश भी दिया गया।

जीवन को आसान बनाने की दिशा में कदम
यह पहल आम नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी। ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ योजना का उद्देश्य नागरिकों की दैनिक समस्याओं को कम कर प्रशासनिक सेवाओं को सरल और सुलभ बनाना है। सरकार का लक्ष्य बिहार को विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करना है, और यह व्यवस्था उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *