जनता दरबार में वरीय पुलिस अधीक्षक ने सुनी फरियादियों की समस्याएं, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

जिले में जनसमस्याओं के त्वरित निष्पादन और पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर द्वारा शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं। जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याएं और शिकायतें एसएसपी के समक्ष रखीं।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक फरियादी की बात को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनता दरबार के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धमकी, साइबर अपराध, गुमशुदगी एवं अन्य मामलों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए गए, जबकि शेष मामलों की जांच कर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं को लेकर निर्भय होकर पुलिस से संपर्क करें। पुलिस हर परिस्थिति में जनता की सेवा के लिए तैयार है।
