नगर पुलिस उपाधीक्षक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के दिए सख्त निर्देश
भागलपुर।
आज दिनांक 18 जनवरी 2026 को नगर पुलिस उपाधीक्षक, भागलपुर द्वारा जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य परीक्षा को कदाचारमुक्त, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना रहा।
निरीक्षण के दौरान नगर पुलिस उपाधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश-निकास व्यवस्था, परीक्षार्थियों की तलाशी, सीसीटीवी निगरानी एवं पुलिस बल की तैनाती का गहन जायजा लिया। उन्होंने केंद्राधीक्षकों एवं तैनात पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, नकल या अव्यवस्था को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि वे पूरी एकाग्रता के साथ परीक्षा दे सकें। साथ ही संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने, नियमित गश्ती एवं निगरानी बनाए रखने का भी निर्देश दिया गया।
पुलिस प्रशासन की इस सक्रियता से अभिभावकों और छात्रों में संतोष देखा गया। आम लोगों ने भी परीक्षा को निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए की जा रही व्यवस्था की सराहना की।
