जिला स्तरीय प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग प्रदर्शनी में आफरीन प्रथम, अब राज्य स्तर पर करेंगी जिले का प्रतिनिधित्व

गणित के ज्यामितीय आकृति और मापन विषय पर उत्कृष्ट परियोजना कार्य से हासिल की सफलता
(दीननगर)। जिला स्तरीय प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग प्रदर्शनी में मध्य विद्यालय दीननगर की छात्रा आफरीन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। आफरीन ने गणित विषय के अंतर्गत ज्यामितीय आकृति की समझ और मापन से संबंधित परियोजना कार्य प्रस्तुत किया, जिसे निर्णायक मंडल द्वारा अत्यंत सराहनीय बताया गया। इस उपलब्धि के साथ अब आफरीन राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
आफरीन की इस सफलता से विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में उत्साह देखा गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजकिशोर ठाकुर ने आफरीन को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने विद्यालय के साथ-साथ अपने परिवार का भी नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा, “बेटियाँ पढ़ रही हैं और आगे बढ़ रही हैं, यही समाज के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।”
विद्यालय की शिक्षिका दुर्गा कुमारी, सोनी कुमारी, फूल कुमारी, शिक्षक कंचन कुमार, मो. कलाम तथा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दीननगर पुरैनी उत्तरी के प्रधानाध्यापक गुड्डू सिंह सहित सभी शिक्षकों ने आफरीन को बधाई दी और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अग्रिम शुभकामनाएँ दीं।
स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने भी आफरीन की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थी जिले का नाम ऊँचा कर रहे हैं।
